कमल पुरी देहरादून, 26 अप्रैल। आगामी चारधाम यात्रा को सुगम और व्यवस्थित बनाने की तैयारियों के तहत, आज चौकी नन्दप्रयाग में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक यातायात उपनिरीक्षक दिगंबर उनियाल और चौकी प्रभारी नन्दप्रयाग पूनम खत्री द्वारा नन्दप्रयाग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ की गई। बैठक में मुख्य रूप से आगामी चारधाम यात्रा के दौरान नन्दप्रयाग क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को लेकर चर्चा की गई। यातायात उपनिरीक्षक दिगंबर उनियाल व चौकी प्रभारी पूनम खत्री ने व्यापार मंडल के पदाधिकारियों से इस महत्वपूर्ण अवधि के दौरान अपने निजी वाहनों को नन्दप्रयाग कस्बे के बजाय मैदान में पार्क करने का विशेष आग्रह किया।
अधिकारियों ने बताया कि चारधाम यात्रा के दौरान वाहनों की भारी आमद को देखते हुए स्थानीय स्तर पर निजी वाहनों की पार्किंग से अनावश्यक जाम और अव्यवस्था फैल सकती है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों का यह सहयोग यात्रा को सुगम बनाने और दूरदराज से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर पार्किंग सुविधा तथा यातायात का सहज अनुभव प्रदान करने में सहायक सिद्ध होगा।
चमोली पुलिस ने उम्मीद जताई कि स्थानीय व्यापार मंडल इस पहल में पूरा सहयोग देगा, जिससे नन्दप्रयाग में यात्रा यातायात का प्रबंधन कुशलतापूर्वक किया जा सके।